हरियाणा के नए राज्यपाल अशीम कुमार घोष आज चंडीगढ़ पहुंचेंगे, राजभवन में होगा भव्य स्वागत
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 19 जुलाई 2025:
हरियाणा के नवनियुक्त राज्यपाल अशीम कुमार घोष आज चंडीगढ़ पहुंचने वाले हैं। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वे आज शाम करीब 4 बजे हरियाणा राजभवन पहुंचेंगे, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा।
उनके चंडीगढ़ आगमन पर चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर हरियाणा के पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार स्वागत के लिए उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही राज्य के अपर मुख्य सचिव (ACS) सुधीर राजपाल और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ओपी सिंह भी स्वागत दल में शामिल होंगे।
राजभवन में होने वाले स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित हरियाणा सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि अपने कार्यकाल की शुरुआत से पहले ही राज्यपाल घोष प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों से परिचयात्मक मुलाकात करेंगे।
गौरतलब है कि अशीम कुमार घोष को हाल ही में हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उनके अनुभव और प्रशासनिक समझ को देखते हुए उनसे प्रदेश में संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप सकारात्मक योगदान की अपेक्षा की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, राजभवन में राज्यपाल के सम्मान में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम और चाय-पान का आयोजन भी किया जाएगा।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →