मूर्ति विसर्जन के दौरान 2 बड़े हादसे! एक ही दिन में 13 लोगों की मौत, पढ़ें पूरी ख़बर
Babushahi Bureau
भोपाल/खंडवा, 3 अक्टूबर, 2025 : मध्य प्रदेश के लिए दशहरा का पर्व उस समय काले दिन के समान साबित हुआ, जब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग जिलों में हुए दर्दनाक हादसा हुआ। बता दे कि इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा उज्जैन में हुआ, जहां चंबल नदी में ट्रैक्टर-ट्रॉली गिरने से 2 श्रद्धालुओं की जान चली गई। इसके कुछ ही देर बाद, खंडवा जिले में एक और बड़ा हादसा हो गया, जहां तालाब में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 11 लोगों की डूबकर मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। इन घटनाओं ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
खंडवा हादसा: तालाब में समाई ट्रैक्टर-ट्रॉली, 11 की मौत
यह भयानक हादसा खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के जामली गांव में हुआ।
1. कैसे हुआ हादसा: राजगढ़ गांव के युवाओं का एक समूह देवी दुर्गा की मूर्तियों का विसर्जन करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से जामली गांव के एक तालाब पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर को रिवर्स करते समय ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह श्रद्धालुओं समेत तालाब में पलट गई।
2. चीख-पुकार और रेस्क्यू ऑपरेशन: ट्रॉली में करीब 20-25 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान (Rescue Operation) शुरू किया।
3. मौत का आंकड़ा: एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि हादसे में 14 लोग डूबे थे, जिनमें से 11 के शव बरामद कर लिए गए हैं। कुछ लोग तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रहे।
उज्जैन हादसा: चंबल नदी में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली
इससे पहले उज्जैन के पास इंगोरिया थाना क्षेत्र में भी इसी तरह का हादसा हुआ, जब मूर्ति विसर्जन के लिए जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चंबल नदी में गिर गई, जिसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
इन दर्दनाक हादसों पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट कर शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने और घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
दोनों ही घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है और त्योहार के दिन कई परिवारों में मातम पसर गया है। प्रशासन का कहना है कि वे प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद प्रदान कर रहे हैं।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →