'बाबा' चैतन्यानंद केस में बड़ा Update! 3 महिलाएं हुईं गिरफ्तार, जानें क्या करती थीं ये?
Babushahi Bureau
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर, 2025
दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट एंड रिसर्च (SRISIIM) की 17 छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। मामले के मुख्य आरोपी, 'बाबा' चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थसारथी की मदद करने और सबूत मिटाने के आरोप में इंस्टीट्यूट की एसोसिएट डीन श्वेता शर्मा, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भावना कपिल और सीनियर फैकल्टी काजल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह मामला तब सामने आया था जब इंस्टीट्यूट की 17 छात्राओं ने संस्थान के निदेशक चैतन्यानंद पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने आरोपी 'बाबा' को आगरा के एक होटल से गिरफ्तार किया था।
अनुशासन के नाम पर छात्राओं पर दबाव
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार की गईं तीनों महिलाएं चैतन्यानंद के गलत कामों में उसका साथ देती थीं।
1. धमकाना और सबूत मिटाना: इन पर आरोप है कि इन्होंने चैतन्यानंद के कहने पर छात्राओं को धमकाया और मामले से जुड़े सबूतों को मिटाने की कोशिश की।
2. अनुशासन का दबाव: ये तीनों अनुशासन (Discipline) और समय की पाबंदी (Punctuality) के नाम पर छात्राओं पर दबाव बनाती थीं, ताकि वे 'बाबा' के खिलाफ आवाज न उठा सकें। पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपने आरोप स्वीकार कर लिए हैं।
3. अश्लील कमेंट्स के सबूत मिले: पुलिस को बाबा के फोन से भी अहम सबूत मिले हैं, जिसमें वह छात्राओं के योगा ग्रुप में डाली गई तस्वीरों पर गलत और अश्लील कमेंट्स करता हुआ पाया गया है।
अल्मोड़ा के गेस्ट हाउस तक पहुंची जांच
पुलिस की जांच अब दिल्ली से बाहर भी पहुंच गई है।
1. गेस्ट हाउस में पुष्टि: पुलिस की एक टीम अल्मोड़ा के उस गेस्ट हाउस में पहुंची, जहां आरोपी पार्थसारथी कुछ छात्राओं के साथ रुका था। जांच में इस बात की पुष्टि हो गई है।
2. ठिकानों पर तलाशी: पुलिस आरोपी को उसके कार्यालय और SRISIIM स्थित आवास पर भी ले गई, ताकि और सबूत जुटाए जा सकें।
रिमांड में भी नहीं दिखी कोई शर्मिंदगी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि 5 दिन की पुलिस रिमांड के दौरान भी आरोपी चैतन्यानंद के चेहरे पर अपने किए को लेकर किसी भी तरह का पछतावा या शर्मिंदगी नजर नहीं आई। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और इस कांड से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाने में जुटी है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →