बंगाल चुनाव नतीजों पर बोले गृह मंत्री शाह- TMC के भय पर मोदी के भरोसे की जीत
नई दिल्लीः पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुशी जताते हुए एक्स पर कई पोस्ट किए हैं। जिसमें उन्होंने लिखा- बंगाल की जनता को कोटि-कोटि नमन यह प्रचंड जनादेश भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों के संरक्षकों को बंगाल की जनता का करारा जवाब है। यह TMC के ‘भय’ के ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘भरोसे’ की जीत है। मेरे जैसे हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगोत्री में माँ गंगा के उद्गम से लेकर गंगासागर तक आज हर जगह भाजपा का भगवा ध्वज शान से लहरा रहा है। उन्होंने आगे लिखा- बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।
यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा। भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुँचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा झेली, यातनाएं सहीं और फिर भी विचारधारा के पथ से डिगे नहीं, उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को नमन करता हूं। बंगाल की जनता ने इस प्रचंड बहुमत से भाजपा के उन सभी शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी है। इस ऐतिहासिक विजय के लिए मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और बंगाल के कोने-कोने में डटे हर एक कार्यकर्ता को बधाई देता हूं।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →