Canada : 8 महीने पहले ब्याही Ludhiana की बेटी की हत्या! 'कातिल' कोई और नहीं, बल्कि...
Babushahi Bureau
कनाडा/लुधियाना, 29 नवंबर, 2025 : कनाडा (Canada) के डेल्टा शहर में पंजाब (Punjab) की रहने वाली महिला मनदीप कौर (Mandeep Kaur) की मौत की गुत्थी सुलझ गई है, जिसमें एक दिल दहला देने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई साधारण सड़क हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या थी, जिसे अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि महिला का सगा देवर गुरजोत सिंह (Gurjot Singh) ही है। आरोपी ने पहले भाभी की कार का एक्सीडेंट किया और फिर उसे आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
हादसे को दिया था एक्सीडेंट का रूप
डेल्टा पुलिस के मुताबिक, यह घटना 26 अक्टूबर की रात 11:20 बजे हाईवे 17 के 7000 ब्लॉक में हुई थी। सूचना मिली थी कि एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और उसमें आग लग गई है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो कार के अंदर एक महिला का जलता हुआ शव मिला, जिसकी पहचान 30 वर्षीय मनदीप कौर के रूप में हुई। शुरुआत में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन सबूतों और संदिग्ध हालात को देखते हुए पुलिस ने इसे हत्या की जांच में बदल दिया।
भाई के शक ने खोला राज
मनदीप कौर लुधियाना (Ludhiana) के गुज्जरवाल और आरोपी गुरजोत सिंह सिधवां बेट के लोधीवाल गांव का रहने वाला है। मनदीप के पिता जगदेव सिंह ने बताया कि 26 अक्टूबर को उन्हें बेटी के एक्सीडेंट की खबर मिली थी। ससुराल वाले आनन-फानन में अंतिम संस्कार करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मनदीप के भाई हैरी को शक हुआ और उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर जांच शुरू की, जिसमें देवर की काली करतूत सामने आ गई। बाद में 16 नवंबर को महिला का अंतिम संस्कार किया गया।
कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट
इस मामले की जांच में डेल्टा पुलिस की क्राइम ब्रांच (Crime Branch), ट्रैफिक डिपार्टमेंट और के-9 यूनिट शामिल थी। जांच के बाद 25 नवंबर को पुलिस ने कोर्ट (Court) में चार्जशीट पेश की। आरोपी गुरजोत सिंह पर मानव अवशेषों के साथ अमानवीय व्यवहार (धारा 182बी) और सेकंड डिग्री मर्डर (धारा 235-1) के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, हत्या के पीछे का असली मकसद अभी साफ नहीं हो पाया है, लेकिन पिता को उम्मीद है कि उनकी बेटी को अब न्याय मिलेगा। मनदीप की शादी इसी साल 7 मार्च को हुई थी और वह पीआर (PR) पर कनाडा में रह रही थी।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →