Himachal: चंबा में कैंटर की तलाशी में मिला चिट्टा; पुलिस के हत्थे चढ़े 2 लोकल तस्कर, इलाके में मचा हड़कंप
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा : 09 अगस्त 2026 :
चम्बा पुलिस की एसआईयू टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने
भरमौर-चम्बा-पठानकोट नैशनल हाईवे पर परेल के पास नाकाबंदी के दौरान एक वाहन (कैंटर) से 7.14 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में दो स्थानीय युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जिसके बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार चम्बा एसआईयू टीम के इंस्पैक्टर गगन और हैड कांस्टेबल योगराज की अगुवाई में पुलिस टीम भरमौर-चम्बा-पठानकोट एनएच पर परेल के पास गश्त और चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान जांच के लिए एक कैंटर को रोका गया। पुलिस ने जब कैंटर की तलाशी ली तो उसके अंदर से 7.14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर कैंटर सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमित कुमार (29) पुत्र स्व. प्रताप चंद निवासी गांव चनेड़ और सुरेंद्र (36) पुत्र टेक चंद निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
चम्बा पुलिस थाने में दोनों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है कि वे यह नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी। चम्बा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एसआईयू टीम ने नाकाबंदी के दौरान दो युवकों से चिट्टा पकड़ा है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस नशे के इस नैटवर्क की पूरी गहनता से जांच कर रही है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →