Himachal Monsoon Update : मानसून की बारिश से तीन की मौत, 49 रोड ब्लॉक; 42 ट्रांसफार्मर सहित 27 पेयजल योजनाएं प्रभावित
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को भी प्रभावित किया है। मानसून के चलते अब तक नौ लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें पहली जुलाई तक छह, जबकि दो जुलाई को 3 और लोगों की मौत हुई है, जिनमें से एक चंबा, जबकि दो लोगों की मौत शिमला जिला में दर्ज हुई है।
वहीं भू-स्खलन और तेज बारिश के कारण प्रदेश में 42 सड़कें बंद हैं, 42 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं, जबकि 27 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, कुल्लू में सबसे अधिक 30 सडक़ें, चंबा में सात, सिरमौर में आठ, जबकि ऊना में दो सडक़ें बंद हैं। मानसून के चलते बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। चंबा में मानसून की वर्षा के कारण आठ, कुल्लू में तीन, लाहुल-स्पीति में एक, मंडी में तीन, सिरमौर में 27 ट्रांसफार्मर बंद होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है।
वहीं चंबा जिला के सब-डिवीजन तिस्सा में सबसे अधिक 24 और चंबा में तीन पेयजल योजनाएं प्रभावित होने से लोगों को पानी की परेशानी झेलनी पड़ रही है।
किन्नौर में बाढ़ का खतरा
लगातार बारिश के बीच किन्नौर में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। लीपा नाले में बाढ़ आने से पेजर खड़ का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे नदी किनारे बने मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। सतलुज नदी में बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए कड़छम बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। पहले जहां डाउनस्ट्रीम में 94 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा था, वहीं अब रेडियल गेट खोलकर 194 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सिल्ट फ्लशिंग गेट से 83 क्यूसेक पानी पहले से छोड़ा जा रहा है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →