रेवाड़ी के फिदेड़ी गांव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 95 करोड़ की लागत से बनी अत्याधुनिक जिला जेल का किया उद्घाटन
बंदियों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए जेलों में स्किल डेवलपमेंट कोर्स और लाइब्रेरी की व्यवस्था: मुख्यमंत्री
रमेश गोयत
चंडीगढ़/रेवाड़ी, 15 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को रेवाड़ी जिले के गांव फिदेड़ी में 95 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक जिला जेल परिसर का उद्घाटन किया। यह जेल 50 एकड़ भूमि पर फैली है और इसमें एक हजार बंदियों को रखने की क्षमता है।
मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के बाद कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य बंदियों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने का है। इसके लिए प्रदेश की जेलों में स्किल डेवलपमेंट कोर्स, लाइब्रेरी, शिक्षा और मनोवैज्ञानिक सहयोग जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस नई जेल में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें 11 बैरक, 2 सुरक्षा वार्ड, एक उद्योगशाला, 30 बिस्तरों वाला अस्पताल, कंट्रोल रूम, भोजनालय और गोदाम शामिल हैं। जेल स्टाफ के लिए 74 आवासीय मकान, एक वार्डर होस्टल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पार्क और कम्युनिटी सेंटर भी बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी जेलों में बंदियों की कोर्ट पेशी के लिए 335 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम स्थापित किए गए हैं। बंदियों की रिहाई, चिकित्सा, मुलाकात और खानपान की व्यवस्था को पूरी तरह से डिजिटल किया जा रहा है।
राज्य में वर्तमान में 3 केंद्रीय जेल और 17 जिला जेल हैं, जिनकी कुल क्षमता 22,647 बंदियों की है। जेल रेडियो जैसे नवाचार भी कई जेलों में शुरू किए गए हैं। वहीं, रोहतक में एक उच्च सुरक्षा जेल का निर्माण अंतिम चरण में है।
मुख्यमंत्री ने जेल परिसर का निरीक्षण किया और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, कोसली विधायक अनिल यादव, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल और अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
जेल महानिदेशक मोहम्मद अकील, आईजी अशोक कुमार, जेल महानिरीक्षक जगजीत सिंह और हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन कृष्ण कुमार भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →