पीएम विजिट को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
चंडीगढ़, 15 जुलाई, 2026ः चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के दौरे को लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है,चंडीगढ़-नयागांव बैरियर से PEC लाइट प्वाइंट होते हुए सेक्टर-2/3/10-11 चौक तक ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
लोगों से अपील की गई है कि वे दोपहर 3:00 बजे तक इस रूट पर जाने से बचें। किसी भी तरह की असुविधा या जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। सड़क की ताजा स्थिति और रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को फॉलो करें।
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) दौरे को लेकर प्रधानमंत्री के काफिले का रूट फाइनल कर दिया गया है। प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए राजेंद्र पार्क पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग से पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज जाएंगे।
पहले रूट के तहत राजेंद्र पार्क से निकलकर पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्री आवास के बीच वाले मार्ग से होते हुए विज्ञान पथ के रास्ते सीधे पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचेंगे। वहीं, दूसरा वैकल्पिक रूट राजेंद्र पार्क से निकलकर पंजाब के मुख्यमंत्री आवास के बाहर से होते हुए नयागांव की ओर जाने वाली सड़क के रास्ते पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज तक जाएगा
प्रधानमंत्री अपने इस दौरे के दौरान पीजीआई के एडवांस मदर एंड चाइल्ड सेंटर, एडवांस न्यूरोसाइंस सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा, वे 1,983 करोड़ रुपए की लागत वाली जीरकपुर-पंचकूला बाईपास परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर शहर में सड़कों की मरम्मत, सफाई, पौधारोपण और सौंदर्यीकरण के कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →