Himachal: चिट्टे का मुख्य सप्लायर चंडीगढ़ से गिरफ्तार, मेकेनिक की आड़ में करता था नशे का कारोबार
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 02 सितंबर 2026 :
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिट्टा सप्लाई के एक बड़े लिंक का पता लगाते हुए मुख्य सप्लायर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में बैकवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए नरेश कुमार उम्र 60 निवासी इंदिरा कॉलोनी, मनीमाजरा, चंडीगढ़ को 29 अगस्त को गिरफ्तार किया।
आरोपी पेशे से मेकेनिक है और पुलिस जांच के अनुसार वह मेकेनिक के काम की आड़ में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई में शामिल था। मामला 23 अगस्त का है। उपमंडल रामपुर बुशैहर की डिटेक्शन टीम ने सोफा कैंची, किंगल के पास एक रिकवरी वैन की तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान पुलिस को 11.35 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
इस संबंध में पुलिस थाना कुमारसैन में अभियोग संख्या 65/2026 दर्ज किया गया। मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत दर्ज हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुलदीप, ललित, विक्रम और संजीव कुमार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने केवल बरामद नशे तक जांच सीमित न रखते हुए आरोपियों से पूछताछ कर चिट्टे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए बैकवर्ड लिंकज की जांच शुरू की।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ललित कुमार से पूछताछ में सामने आया कि बरामद चिट्टा उसे और उसके साथियों को नरेश कुमार ने मनीमाजरा, चंडीगढ़ में उपलब्ध करवाया था।
तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा तस्कर
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान उससे नशे की सप्लाई के स्रोत, उसके नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और चिट्टे की आगे की सप्लाई से जुड़े लिंक के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार मामले में गहन जांच जारी है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →