Himachal : ASI Kicks Taxi Driver, Suspended :पार्किंग पर हुई बहस के बाद टैक्सी चालक को एएसआई ने मारी लात, सस्पेंड
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 01 मई 2026 : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सड़क किनारे खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर हुई बहस के बाद एएसआई रैंक के एक अधिकारी ने टैक्सी चालक को सीने पर लात मार दी।
चालक द्वारा शूट किए जा रहे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद संबंधित एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया है। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार टैक्सी चालक ने तवी मोड़ के समीप सड़क किनारे अपनी गाड़ी खड़ी की थी। यहां इसकी बाइक भी पार्क थी। इसी दौरान यहां पहुंची पुलिस टीम ने चालक को गाड़ी हटाने के लिए कहा।
पुलिस टीम का तर्क था कि वीवीआईपी मूवमेंट के चलते यहां गाड़ी खड़ी नहीं कर सकते। इसे तुरंत हटाओ। चालक का कहना था कि वह अकेला एकसाथ गाड़ी और बाइक नहीं हटा सकता। इस पर बहस शुरू हो गई। पुलिस टीम चालान काटने लगी तो चालक ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
इसी बीच एएसआई ने वीडियो बना रहे चालक पर लात मार दी। यह पूरा वाक्या वीडियो में कैद हो गया। चालक ने बाद में अपने साथ हुई घटना की एक और वीडियो बनाई जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। मामला पुलिस के ध्यान में आया तो एसएसपी गौरव सिंह ने एएसआई पर कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया।
पत्रकार से भी पुलिस कर्मी ने की थी धक्का मुक्की
आम जनता के साथ बहसबाजी का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी छराबड़ा में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान एक पुलिस कर्मी ने एक पत्रकार से धक्का मुक्की कर दी थी। इसके अलावा शहर में कई जगह आम जनता के पैदल रास्ते तक बंद किए जाने को लेकर भी सवाल उठ चुके हैं।
(SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →