Kullu : Shri Ram Katha Amrit : कुल्लू के रथ मैदान में श्री राम कथा पंडाल में धूमधाम से मनाया प्रभु श्रीराम जन्मोत्सव
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 01 जून 2026 : दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा रथ ग्राउण्ड,कुल्लू में श्री राम कथा अमृत का आयोजन किया गया है। कथा से पूर्व नितिन बंगा और रमेश कुमार ने परिवार सहित पूजन किया। कथा वाचन करते हुए श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या कथा व्यास साध्वी सुश्री गरिमा भारती जी ने प्रभु श्री राम जन्म प्रसंग को भगवत प्रेमियों के आगे बड़े ही रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।
महाराज दशरथ जो पुत्र की इच्छा लेकर जब अपने गुरुदेव वशिष्ठ के पास जाते हैं तो गुरुदेव वशिष्ठ उन्हें चार पुत्र रत्न की प्राप्ति का वरदान देते हैं। यज्ञ नारायण भगवान की कृपा से उनके घर में श्री हरि नारायण मां कौशल्या की गोद से जन्म ले करके आते हैं। यह बाहरी अयोध्या नगरी में प्रभु श्री राम जी का प्राकट्य हमें संकेत करता है कि हम अपने अंतर्गत में प्रभु श्री राम को प्रकट करें। वास्तव में यह हमारा जो शरीर है इसे ग्रंथों के अंदर अयोध्या कह कर के संबोधित किया। 8 चक्रों नवद्वारों से सुसज्जित यह मानव की देही जिसमे परमात्मा श्री राम ज्योति रूप में विद्यमान हैं। आवश्यकता है एक ऐसे सतगुरु की जिसके माध्यम से हम अपने अंतर्गत में उस प्रभु श्रीराम के ज्योति स्वरूप का साक्षात्कार कर पाए।
श्री राम जन्मोत्सव प्रसंग में सन्त समाज से बधाई गीत गाए और प्रभु प्रेमियों ने नाच गाकर अपनी खुशी को व्यक्त किया।
साध्वी जी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हमें प्रेरणा देते हैं कि हम अपने जीवन में नैतिक मूल्यों को धारण करें, जो नैतिक मूल्य मानव के व्यक्तित्व को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की मानिंद सुंदर बनाते हैं। लेकिन आज इस समाज का यह दुर्भाग्य है कि प्रभु श्री राम जी के भक्त होने के पर भी हम अपनी सुंदर संस्कृति व संस्कारों को न अपनाकर पाश्चात्य संस्कृति के अनुसार अपनी जीवनशैली को अपनाते हैं। जिसके परिणाम स्वरूप आज बच्चे माता-पिता का सम्मान नहीं करते, वृद्ध आश्रमों की संख्या निरंतर बढ़ती चली जा रही है। गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी का कहना है कि मानव का जीवन एक वृक्ष की समान है जिसके ऊपर फल फूलों रुपी नैतिक मूल्य तभी रोपित हो सकते हैं, यदि उसे जड़ से सींचा जाए और केवल अध्यात्म ही वह जल है जिससे मानव के जीवन को सींचकर उसे संस्कारों से पोषित किया जा सकता है। पूर्व सांसद महेश्वर सिंह जी ने संस्थान के कथा आयोजन की भूरि भूरि प्रशंसा की।
कार सेवा दल कुल्लू के पदाधिकारी प्रभु की पावन आरती में विशेष रूप से शामिल हुए इनके साथ के आर वर्मा, दीपक सिंगा और कुलदीप शर्मा ने भी परिवार सहित हिस्सा लिया।कथा के बाद सारी संगत के लिए प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था की जाती है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →