चंडीगढ़ पुलिस की नशा तस्करों को आखिरी चेतावनी: 'या तो नशा छोड़ो या शहर छोड़ो'
चंडीगढ़: शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए चंडीगढ़ पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अब आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर नरेंद्र पटियाल ने नशा तस्करों और खरीदारों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि अपराधियों के लिए शहर में अब कोई जगह नहीं है।
अवैध संपत्ति पर गिरेगी गाज
इंस्पेक्टर पटियाल ने साफ कर दिया कि जो लोग नशे के काले कारोबार से मोटी कमाई कर कोठियां और लग्जरी गाड़ियां बना रहे हैं, वे अब पुलिस की रडार पर हैं। पुलिस ऐसे अपराधियों की सूची तैयार कर रही है जिनकी नशे की कमाई से बनाई गई संपत्तियों को कानूनन अटैच (जब्त) किया जाएगा। उन्होंने कहा, "आरोपी यह न समझें कि उनकी प्रॉपर्टी सुरक्षित है, हम उनकी पूरी फाइल तैयार कर रहे हैं।"
पंचकूला हो या कोई और शहर, कहीं से भी होगी गिरफ्तारी
शातिर सप्लायरों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में क्राइम कर पंचकूला या अन्य पड़ोसी शहरों में छिपने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, "आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस को किसी वीज़ा की जरूरत नहीं है।" पुलिस ने युवाओं को बचाने के लिए जनता से भी सहयोग की अपील की है और सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखने का भरोसा दिया है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →