पंजाब-चंडीगढ़ में पारा चढ़ना शुरू: आज 11 जिलों में बारिश की संभावना
चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले दो दिनों से मौसम शुष्क रहने के कारण गर्मी ने दस्तक दे दी है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे पारा अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। चंडीगढ़ में तापमान 28.1 डिग्री और रूपनगर में सबसे अधिक 28.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
इन जिलों में आज बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, आज (23 मार्च) पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, विभाग ने इसके लिए कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है। 24 मार्च को मौसम फिर से साफ रहने की उम्मीद है।
26 मार्च से नया सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक, वर्तमान में ऊपरी वायुमंडल में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके बाद 26 मार्च से एक और नया सिस्टम उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे पंजाब के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। राहत की बात यह है कि आने वाले 4 दिनों में तापमान में 4 से 7 डिग्री की और बढ़ोतरी होगी, जिससे दिन में हल्की गर्माहट महसूस की जाएगी।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →