Himachal Pradesh: हिमाचल में बड़ा हादसा; सड़क निर्माण में जुटी JCB मशीन पर पहाड़ी से गिरा मलबा, ऑप्रेटर की गई जान
बाबूशाही ब्यूरो
मंडी, 23 मार्च 2026 : हिमाचल प्रदेश में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंडी जिला के सुंदरनगर में निर्माणाधीन सलापड़-तत्तापानी सड़क मार्ग पर एक ऐसा ही दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां सड़क निर्माण कार्य में जुटी एक जेसीबी मशीन अचानक पहाड़ी से गिरे भारी मलबे की चपेट में आ गई। इस हादसे में 30 वर्षीय जेसीबी ऑप्रेटर की जान चली गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना सुंदरनगर के दुर्गम क्षेत्र नेरी के निकट घटी। शनिवार शाम के समय सलापड़-तत्तापानी मार्ग पर निर्माण कार्य जोरों पर था और चालक अपनी जेसीबी मशीन से सड़क का काम कर रहा था। इसी दौरानपहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर मशीन पर आ गिरे। मलबे का वेग इतना तीव्र था कि ऑप्रेटर अपनी मशीन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते जेसीबी अनियंत्रित होकर सीधे सतलुज नदी के किनारे की तरफ जा लुढ़की और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसा होते ही मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त जेसीबी के ढांचे में फंसे ऑप्रेटर को बाहर निकाला गया, लेकिन दुर्भाग्यवश तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण ऑप्रेटर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। मृतक की पहचान 30 वर्षीय खूबराम के रूप में हुई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →