HPUJ : NUJI : हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की ऑनलाइन बैठक संपन्न; संगठन विस्तार, पत्रकार हितों और राष्ट्रीय चुनाव की तैयारियों पर हुआ मंथन
एनयूजे (इंडिया) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रणेश राणा रहे की उपस्थिति में हुई बैठक
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 29 जून 2026 :
हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एचपीयूजे) की प्रदेश स्तरीय ऑनलाइन बैठक रविवार को प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से हुई इस बैठक में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रणेश राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को प्रदेश के सभी जिलों में अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, पत्रकारों की विभिन्न मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा एनयूजे (इंडिया) के आगामी राष्ट्रीय चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से जुड़े पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने ऑनलाइन सहभागिता करते हुए संगठनात्मक मजबूती के लिए अपने सुझाव दिए। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए संगठनात्मक एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। इस उद्देश्य से जिला एवं उपमंडल स्तर तक संगठन का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक पत्रकारों को सदस्य बनाने पर जोर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने कहा कि हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स पत्रकारों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकार हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को सरकार एवं संबंधित मंचों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और पत्रकार हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनयूजे (इंडिया) के आगामी राष्ट्रीय चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण हैं और इनमें हिमाचल प्रदेश की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदेश संगठन मंत्री गोपाल दत्त शर्मा ने कहा कि एचपीयूजे एक पंजीकृत संगठन है, जो पिछले लगभग सात वर्षों से प्रदेश के पत्रकारों की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को संगठित कर उनके अधिकारों एवं हितों की रक्षा करना है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है और निर्धारित सदस्यता शुल्क जमा कर कोई भी पात्र पत्रकार संगठन का सदस्य बन सकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित कई राज्यों में पत्रकारों को पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, परिवहन रियायतें तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जबकि हिमाचल प्रदेश के पत्रकार अभी भी इन सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर से प्राप्त सुझावों के आधार पर पत्रकारों की मांगों से संबंधित विस्तृत मांगपत्र राज्य सरकार को भेजा गया है, जिस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार शीघ्र ही पत्रकार कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेगी।
महासचिव किशोर ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया संस्थान और पत्रकार दोनों ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। ऐसे में दोनों के हितों की रक्षा के लिए संगठित होकर ठोस कार्ययोजना बनाना समय की आवश्यकता है, क्योंकि पत्रकार और मीडिया संस्थान एक-दूसरे के पूरक हैं।
बैठक में सिरमौर जिला अध्यक्ष संजय राजन, शिमला जिला अध्यक्ष प्रेम राज कश्यप, कुल्लू से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. शशिभूषण पुरोहित, सदस्य सुमित, भूषण, स्पर्श सहित अन्य पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान संगठन के विस्तार, पत्रकारों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन, सदस्यता अभियान को सशक्त बनाने तथा राष्ट्रीय चुनावों में हिमाचल प्रदेश की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन की गतिविधियों को प्रदेशभर में और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, सदस्यता अभियान को तेज किया जाएगा तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को सरकार एवं संबंधित मंचों पर मजबूती से उठाया जाएगा। साथ ही सभी पत्रकारों से संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →