Himachal: कुल्लू के ब्यासर मोड़ पर HRTC बस के ब्रेक फेल; ढांक से टकराई बस, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू: 28 अगस्त 2026 : जिला मुख्यालय के साथ लगते भेखली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर ब्यासर रोड पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस हादसे का शिकार हो गई। बस के अचानक ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे ढांक की ओर मोड़ दिया और टक्कर मारकर बस को रोक दिया। इससे बस गहरी खाई में गिरने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। HRTC की बस ब्यासर से कुल्लू की ओर आ रही थी। रास्ते में अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। बस अनियंत्रित होती, इससे पहले चालक ने स्थिति संभालने का प्रयास किया और बस को ढांक की ओर मोड़ दिया। बस ढांक से टकराने के बाद रुक गई।
हादसे के दौरान बस में सवार कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की और घायलों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक की सूझबूझ से बची कई जिंदगियां
हादसे वाली जगह सड़क के किनारे गहरी ढांक है। ऐसे में यदि ब्रेक फेल होने के बाद बस अनियंत्रित होकर ढांक से नीचे चली जाती तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। चालक ने समय रहते बस को नियंत्रित करने की कोशिश की और उसे ढांक से टकराकर रोक दिया। इससे बस खाई में गिरने से बच गई।
रक्षाबंधन के दिन हुए हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हलचल मच गई। यात्रियों के परिजन भी घायलों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। फिलहाल घायलों का कुल्लू अस्पताल में उपचार चल रहा है। बस में कुल कितने यात्री सवार थे और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी संबंधित विभाग की रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →