Himachal: हमीरपुर की डॉ. अंबिका शर्मा को दक्षिण कोरिया का प्रतिष्ठित ट्रैवल अवार्ड, सीएम सुक्खू ने दी बधाई
प्रीक्लेम्पसिया जैसी गंभीर जटिलता पर शोध के लिए मिली पहचान, पहले भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुत कर चुकी हैं शोध कार्य
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 29 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर जिले की निवासी डॉ. अंबिका शर्मा को दक्षिण कोरिया की कोरियन डायबिटीज एसोसिएशन के प्रतिष्ठित ट्रैवल अवार्ड से सम्मानित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अंबिका की उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रीक्लेम्पसिया जैसी गंभीर जटिलता पर डॉ. अंबिका शर्मा का शोध उल्लेखनीय है। उनके शोध कार्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान हिमाचल की प्रतिभा को वैश्विक वैज्ञानिक मंच पर स्थापित करती है।
डॉ. अंबिका शर्मा को इससे पहले भी भारत सरकार की ओर से दो प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल ग्रांट प्रदान किए जा चुके हैं। इन ग्रांट के माध्यम से उन्होंने बार्सिलोना में आयोजित ESCMID Global और वियना, ऑस्ट्रिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे से पहाड़ी प्रदेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना बड़ी उपलब्धि है। डॉ. अंबिका शर्मा की सफलता यह संदेश देती है कि हिमाचल के युवा शोध और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →