Himachal Accident: सड़क से नाले में गिरी कार, तीन महिलाओं सहित चार की मौत; एक घायल
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा: 27 जून 2026 : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की माैत हो गई जबकि एक घायल है। जिले के भरमौर उपमंडल में उरेई-सांबरा मार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर कई फीट नीचे सारनी पुल के समीप घटोर नाले में गिर गई। हादसे में कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे में गंभीर घायल लता देवी पत्नी राजेंद्र कुमार गांव उरेई भरमौर ने मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार के दाैरान दम तोड़ दिया। एक घायल चंबा में उपचाराधीन है। हादसे में तीन महिलाओं और कार चालक की जान चली गई। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही: एसपी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके के लिए रवाना हुए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार शाम शिमला जिले के रामपुर इलाके में तकलेच-काशापट सड़क पर हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है। चंबा हादसे पर भी सीएम ने दुख जताया। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति दें और पीड़ित परिवार के सदस्यों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें।
मृतकों की सूची
1 रवि कांत(32) पुत्र मदन लाल निवासी रुहणू कोठी भरमौर।
2 चतरो देवी पत्नी पुन्नू राम गांव उरेई भरमौर।
3 बसेरो देवी पत्नी गनीया राम गांव उरेई भरमौर।
4 लता देवी राजेंद्र कुमार गांव उरेई तहसील भरमौर।
घायल
राकेश कुमार पुत्र पुरुर्षोत्तम गांव रुहणू कोठी भरमौर।
(SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →