Himachal: Anti Chitta Day : 13.28 करोड़ रुपए का नशा नष्ट, एंटी चिट्टा दिवस पर NDPS मामलों में जब्त नशीले पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 27 जून 2026 :
अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध और अवैध तस्करी निवारण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में पहली बार पूरे प्रदेश में एक साथ एंटी-चिट्टा दिवस मनाया गया।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रहे प्रदेशव्यापी एंटी-चिट्टा जन-आंदोलन के तहत राज्य सरकार और हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के 10 अलग-अलग स्थानों पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत विभिन्न मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया।
नष्ट किए गए नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13.28 करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस विभाग के अनुसार हिमाचल के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब पूरे प्रदेश में एक साथ इतनी बड़ी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों का सामूहिक निस्तारण किया गया।
इस कार्रवाई को मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मुख्य सचिव कमलेश पंत ने फ्लैग ऑफ कर मॉनिटर किया। सरकार ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जब्त मादक पदार्थों का निपटारा करना नहीं, बल्कि ड्रग माफिया और नशा तस्करों को सख्त संदेश देना भी है कि हिमाचल में नशे के अवैध कारोबार के लिए कोई जगह नहीं है।
साथ ही युवाओं को चिट्टा और अन्य सिंथेटिक ड्रग्स की गिरफ्त से बचाकर सुरक्षित भविष्य देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर प्रदेश की नशे से अधिक प्रभावित पंचायतों में पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नशा निवारण समितियों की बैठकें आयोजित की गईं। इनमें नशे के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →