Himachal Cloud Burst: कुल्लू के सैंज में बदल फटा; बाढ़ ने काटा शांघड़ का रास्ता, पांच गांवों में पानी का संकट; छह पुलिया और पैदल पुल बहा
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 19 सितंबर 2026 : सैंज घाटी की सुचैहण पंचायत में भारी बारिश के बाद नूहाड़ा नाला उफान पर आने से क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ का पानी शांघड़ को जोड़ने वाले लकड़ी के पैदल पुल समेत नाले पर बनी छह पुलियों को बहा ले गया। कई पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे शांघड़ और आसपास के गांवों में आवाजाही प्रभावित हो गई है।
सबसे बड़ी परेशानी पेयजल आपूर्ति ठप होने से पैदा हुई है। बाढ़ की चपेट में आने से बिजल, अपर नयी, शुकारी, बुठ और कथेउगी गांवों को पानी उपलब्ध करवाने वाली पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई है। पानी की सप्लाई बंद होने के बाद ग्रामीण प्राकृतिक जलस्रोतों और नालों से पानी ढोकर अपनी जरूरत पूरी कर रहे हैं।
मलबे और पेड़ों के साथ आया सैलाब
बताया जा रहा है कि घटना करीब पांच से छह दिन पहले हुई। नूहाड़ा नाला में अचानक आई बाढ़ के साथ बड़ी मात्रा में मलबा और पेड़ बहकर आए। तेज बहाव की चपेट में आने से लकड़ी का पैदल पुल और छह पुलिया क्षतिग्रस्त होकर बह गईं।
पंचायत प्रधान धर्मपाल ने 17 सितंबर को मौके का निरीक्षण किया। उनके अनुसार करीब चार से पांच फुट चौड़ा लकड़ी का पैदल पुल पुराने रास्ते को शांघड़ से जोड़ता था। उन्होंने प्रशासन से पुल, पुलियों, पैदल रास्तों और पेयजल योजना की जल्द मरम्मत की मांग की है।
प्रशासन ने मांगी नुकसान की रिपोर्ट
बाढ़ से हुए नुकसान की सूचना जिला प्रशासन को दे दी गई है। कार्यवाहक उपायुक्त कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि एसडीएम बंजार और राजस्व विभाग से नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने की बात कही है।
21 सितंबर तक बारिश के आसार, फिर साफ रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में 19 से 21 सितंबर तक हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 22 से 25 सितंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह तक हिमाचल से मानसून के पूरी तरह लौटने के आसार हैं।
इस मानसून में 325 लोगों की मौत
प्रदेश में इस मानसून सीजन में आपदाओं का असर भी गंभीर रहा है। 30 जून से 18 सितंबर तक आपदा से संबंधित घटनाओं में 325 लोगों की मौत और 563 लोगों के घायल होने की सूचना है। इसी अवधि में प्रदेश में करोड़ों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →