Himachal News: सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट पर SC/ST एक्ट के तहत एफआईआर
बाबूशाही ब्यूरो
केलांग: 16 जुलाई 2026 :
लाहौल-स्पीति पुलिस ने मंडी जिले के जितेन्दर राजपूत के खिलाफ अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और विशेष रूप से लाहौल के जनजातीय समुदाय के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
यह शिकायत अधिवक्ता एवं लाहौल पोटेटो सोसायटी के चेयरमैन सुदर्शन जस्पा द्वारा पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला को सौंपी गई थी।शिकायत में लगाए गए आरोप
के अनुसार आरोपी जितेन्दर राजपूत अपने फेसबुक/सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से लगातार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और विशेषकर लाहौल के जनजातीय समुदाय के विरुद्ध अपमानजनक, भड़काऊ और मानहानिकारक सामग्री साझा कर रहा था।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबंध में भी कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट प्रकाशित की, जिससे जनजातीय समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
शिकायत प्राप्त होने के बाद, केलांग थाने में एफआईआर नंबर 23/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 (संशोधित 2015) की धारा 3(1)(u) के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पोस्ट सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह मामला सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने के प्रयासों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →