Himachal Pradesh: Rajyasabha Sansad : विकास कार्यों में निगरानी और समन्वय जरूरी : अनुराग शर्मा
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू, 29 मार्च 2026 : नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा रविवार को कुल्लू प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान उनसे उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने परिधि गृह में शिष्टाचार भेंट की। उपायुक्त ने सांसद का कुल्लू आगमन पर स्वागत किया।
भेंट के दौरान सांसद ने जिला कुल्लू में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से आम जनता तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर निरंतर निगरानी और समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने सांसद को व्यास नदी में चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर किए जा रहे ड्रेजिंग कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन कार्यों का उद्देश्य नदी के प्रवाह को सुचारू बनाए रखना तथा बाढ़ जैसी संभावित आपदाओं से सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके अतिरिक्त, जिले में कूड़ा निष्पादन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों और व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया गया।
बैठक के दौरान जिले में संचालित साहसिक खेल गतिविधियों एवं पर्यटन क्षेत्र के विकास पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने बताया कि जिला कुल्लू में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहलें की जा रही हैं, जिनमें एडवेंचर टूरिज्म, आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण तथा पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता में शामिल है।
सांसद ने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्यों को जनहित के अनुरूप और अधिक प्रभावी बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा की कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
नवनिर्वाचित सांसद ने जिला के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आपदा के समय जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया, उससे प्रभावित लोगों को समय पर राहत पहुंची और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी आई। उन्होंने प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में त्वरित और समन्वित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक होती है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सेस राम आजाद सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →