हिमाचल प्रदेशः बर्फ में फंसा केरल का ट्रैकर:पुलिस ने रेस्क्यू किया
कुल्लूः कुल्लू जिले के मनाली में केरल का एक ट्रैकर बर्फ में फंस गया। मनाली के व्यासकुंड में बर्फ में फंसे ट्रैकर को पुलिस ने बीती शाम (शुक्रवार) को सुरक्षित रेस्क्यू किया। युवक की पहचान केरल के मलप्पुरम निवासी 20 वर्षीय अर्शद नरिक्कोट्टु मेचेरी के रूप में हुई है, जो अकेले ट्रैकिंग पर निकला था। सूचना के अनुसार, ट्रैकिंग के दौरान अर्शद के जूते बर्फ में गीले हो गए, जिससे वह आगे नहीं बढ़ पाया और बर्फ में फंस गया। अत्यधिक ठंड के कारण ट्रैकर की हालत निरंतर बिगड़ती गई। इसके बाद ट्रैकर ने 112 हेल्पलाइन पर पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही अटल टनल रोहतांग की सुरक्षा में तैनात सब-इंस्पेक्टर राज कुमार अपनी टीम के साथ व्यासकुंड रवाना हुए। पुलिस टीम धुंधी ब्रिज से करीब 2 से 3 किलोमीटर ऊपर पहाड़ पर चढ़कर बर्फ में फंसे युवक के पास पहुंची।
रेस्क्यू टीम ने पहले अर्शद नरिक्कोट्टु को जूते पहनाए। इसके बाद पीठ में उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया और बाद में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। युवक की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →