Manali: Tourist Rescued From Rohtang Pass : जांबाज़ पुलिसकर्मी को सलाम, बर्फ में फंसे युवक को सब-इंस्पेक्टर राज कुमार ने बचाया
बाबूशाही ब्यूरो
मनाली, 27 मार्च 2026 :
सलाम है सब-इंस्पेक्टर राज कुमार जैसे जांबाज़ पुलिसकर्मियों को, जो दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान तक जोखिम में डाल देते हैं।
मामला मनाली क्षेत्र का है। अर्शद नरिक्कोट्टु मेचेरी (आयु लगभग 20 वर्ष), निवासी पेचेरी हाउस, कुन्नथ परम्बा, मून्नियूर साउथ, जिला मलप्पुरम, केरल, अकेले व्यासकुंड की ओर ट्रैकिंग के लिए निकल गया था। ट्रैकिंग के दौरान वह भारी बर्फबारी के बीच रास्ता भटक गया और बर्फ में फंसकर चलने-फिरने में असमर्थ हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अटल टनल रोहतांग की सुरक्षा में तैनात सब-इंस्पेक्टर राज कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत रेस्क्यू के लिए रवाना हुए। कठिन मौसम और बर्फ से ढके रास्तों के बावजूद पुलिस टीम मौके तक पहुंची।
पुलिस टीम ने पाया कि युवक धुंधी ब्रिज से लगभग 2 से 3 किलोमीटर ऊपर बर्फ के बीच फंसा हुआ था और उसकी हालत ऐसी थी कि वह आगे बढ़ने में सक्षम नहीं था। टीम ने साहस और तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।
कठिन परिस्थितियों में किया गया यह साहसिक बचाव अभियान एक बार फिर यह साबित करता है कि हमारे पुलिसकर्मी हर हाल में लोगों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →