Himachal Weather : किन्नौर में गिरा वैली ब्रिज, 320 सड़कें बंद, भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी
बाबूशाही ब्यूरो
रामपुर/कुल्लू : 12 जुलाई 2026 : भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन ने किन्नौर से लेकर सैंज घाटी तक भारी तबाही मचाई है। पूरे प्रदेश में भूस्खलन से 320 से अधिक सड़कें और 200 से ज्यादा बिजली ट्रांसफार्मर ठप्प पड़ गए हैं। किन्नौर जिले में शुक्रवार को हुए भूस्खलन के कारण हवा में झूल रहा वैली ब्रिज पूरी तरह से ढह गया, जिससे सांगला घाटी का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है।
सांगला से छितकुल जाने वाली सड़क भी बटशेरी के पास चट्टानें गिरने से बंद हो गई है। किन्नौर की पेजर खड्ड में जलस्तर बढ़ने से लिप्पा बस स्टैंड के पास बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। पानी के तेज बहाव के कारण लिप्पा बाजार में कई मकानों की आधी मंजिल तक पानी भर गया। सैंज घाटी के दुर्गम गांव शाक्टी और मरौड़ को जोड़ने वाली पुलिया और रास्ता नदी के उफान में बह गए हैं। इसके अलावा चैंणगा में लगा पैदल पुल भी तेज बहाव की भेंट चढ़ गया, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह ठप्प हो गई है।
एनएचपीसी द्वारा शाम के समय डैम के गेट खोले जाने से पिन पार्वती नदी का जलस्तर एकाएक बढ़ गया। हालांकि प्रशासन ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था, लेकिन नदी किनारे बसे सैंकड़ों लोग दहशत के कारण रातभर सो नहीं सके। वहीं सिरमौर जिले के पांवटा-राजवन-शिलाई-रोहड़ू नैशनल हाईवे पर भारी पहाड़ दरकने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →