मानसा में गर्भवती पत्नी की हत्या:पेट में जुड़वा बच्चों की भी मौत
मानसाः मानसा जिले के ठूठियांवाली गांव में एक गर्भवती महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मृतका के गर्भ में जुड़वा बच्चे थे। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ठूठियांवाली गांव की 22 वर्षीय सिमरजीत कौर ने बुर्ज राठी गांव के एक युवक से प्रेम विवाह किया था। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से उनके आनंद कारज भी संपन्न हुए थे। प्रसव के लिए सिमरजीत कौर अपने मायके आई हुई थीं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
मृतका के चाचा मेवा सिंह और चचेरे भाई मनदीप सिंह ने बताया कि सिमरजीत कौर के पति को उस पर अवैध संबंधों का शक था। इसी शक के चलते वह बीती रात अपने ससुराल पहुंचा। उसने सिमरजीत कौर को कमरे से बाहर बुलाया और उसके गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने पंजाब पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने और सिमरजीत कौर तथा उसके गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों के लिए न्याय दिलाने की मांग की है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →