PM Modi on Tour : पांच दिनों में तीन देशों की यात्रा करेंगे PM मोदी, G7 शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
प्रधानमंत्री का कनाडा, साइप्रस के अलावा क्रोएशिया का शेड्यूल भी जारी
जी-7 शिखर सम्मेलन, द्विपक्षीय वार्ता संग क्रोएशिया के नेताओं से होगी मुलाकात
बाबूशाही नेटवर्क
नई दिल्ली, 15 जून 2025 :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 19 जून, 2025 तक तीन देशों (साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया) की महत्त्वपूर्ण यात्रा पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी साइप्रस में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और क्रोएशिया में नेताओं से मुलाकात करेंगे। यह यात्रा भारत के वैश्विक कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी 15 जून को साइप्रस की राजधानी निकोसिया पहुंचेंगे।
यह दो दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की साइप्रस की पहली यात्रा होगी। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडोलाइड्स के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा में पीएम मोदी राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा, वह लिमासोल में व्यापारिक नेताओं को संबोधित करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा भारत और साइप्रस के बीच संबंधों को गहरा करने और भू-मध्यसागरीय क्षेत्र तथा यूरोपीय संघ के साथ भारत की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण होगी। साइप्रस की यात्रा को राजनीतिक और आर्थिक दृष्टिकोण से महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है। साइप्रस के बाद, पीएम मोदी कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में कनानास्किस में 16-17 जून को आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यात्रा के अंतिम चरण में, पीएम मोदी 18 जून को क्रोएशिया पहुंचेंगे। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →