Himachal News : अब भाजपा के पूर्व सांसद के बेटे पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप
बाबूशाही ब्यूरो
सोलन, 15 अक्टूबर 2025 :
हिमाचल प्रदेश के शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सांसद रहे वीरेंद्र कश्यप के बेटे पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाना सोलन में शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि ब्रिजेश्वर कश्यप दो साल से शादी का झांसा देकर यौन शोषण कर रहा है। जब पीड़िता ने शादी करने का दबाव बनाया तो उसने इन्कार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामले की तस्वीर स्पष्ट होगी।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि एक महिला ने शिकायत दी है, जिसमें ब्रिजेश्वर कश्यप पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई होगी।
सोलन में भाजपा नेता के रिश्तेदार पर दुष्कर्म के आरोपों का यह दूसरा मामला है। इससे पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल के 81 वर्षीय भाई पर एक युवती ने इलाज के बहाने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है और अब पुलिस रिमांड पर है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →