Himachal Accident : ट्रक की टक्कर से अमृतसर के युवक की मौत; मणिकर्ण जा रहा था बाइक सवार, टायर के नीचे आया सिर
बाबूशाही ब्यूरो
मंडी, 02 मार्च 2026 : किरतपुर मनाली फोरलेन पर पंडोह के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाब के अमृतसर निवासी 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजिंद्र कुमार पुत्र विजय कुमार, निवासी गांव गोपालपुरा, जिला अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार राजिंद्र कुमार अपने एक साथी के साथ बाइक पर अमृतसर से मणिकर्ण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक भी कुल्लू की दिशा में जा रहा था। पंडोह के पीवीटी मोड़ के पास अचानक बाइक और ट्रक में टक्कर हो गई, जिससे दोनों सवार सड़क पर गिर गए।
हादसे के दौरान राजिंद्र कुमार का सिर ट्रक के अगले टायर के नीचे आ गया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को मंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। इस संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →