पंजाब में गैस कंपनियों के सर्वर डाउन, चंडीगढ़ के परांठा पॉइंट्स पर ताले लगने की नौबत
चंडीगढ़/पंजाब: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे महायुद्ध का सीधा असर अब पंजाब की रसोई पर दिखने लगा है। खाड़ी देशों से तेल और गैस की सप्लाई बाधित होने के कारण राज्य में एलपीजी (LPG) का भारी संकट खड़ा हो गया है। हालात यह हैं कि कमर्शियल के साथ-साथ अब घरेलू सिलेंडरों की किल्लत ने भी लोगों को सड़कों पर ला दिया है।
सर्वर ठप, बुकिंग के लिए तरस रहे लोग
सरकार ने केवल ऑनलाइन बुकिंग का नियम लागू किया है, लेकिन भारी ट्रैफिक के कारण कंपनियों के सर्वर बैठ गए हैं। लोगों को बुकिंग के लिए जरूरी ओटीपी (OTP) तक नहीं मिल रहा। जिन लोगों ने पहले बुकिंग कर ली थी, वे गैस एजेंसियों के बाहर खाली सिलेंडर लेकर लंबी लाइनों में खड़े हैं, लेकिन वहां से भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
शादियों और व्यापार पर भारी मार:
1. चंडीगढ़ का स्वाद फीका: सेक्टर-9 समेत शहर के मशहूर परांठा पॉइंट्स बंद होने की कगार पर हैं। दुकानदारों को मजबूरन ब्लैक में 2500 रुपये तक का सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।
2. शादियों में 'कटौती': मार्च में होने वाली करीब 10 हजार शादियों पर संकट के बादल हैं। लोग मेहमानों की लिस्ट छोटी कर रहे हैं और कैटरर्स ने गैस बचाने के लिए मेन्यू से तंदूरी और डीप-फ्राई आइटम हटा दिए हैं।
सीएम मान ने दिया आश्वासन
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जनता से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सरकार वैकल्पिक इंतजाम कर रही है ताकि जल्द से जल्द सप्लाई बहाल की जा सके।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →