बंगाल में आज जारी होगी मतदाता सूची की पहली पूरक लिस्ट: 10 लाख लोगों के नाम कटे
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सोमवार शाम को मतदाता सूची (SIR) की पहली सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी की जा रही है। इसे लेकर राज्य प्रशासन हाई अलर्ट पर है और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अशांति को रोका जा सके।
10 लाख मतदाताओं पर गिरी गाज
मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक, विचाराधीन 60 लाख मामलों में से अब तक 27.30 लाख मामलों का निपटारा किया जा चुका है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से करीब 10 लाख लोगों के नाम सूची से काट दिए गए हैं। यह लिस्ट संबंधित मतदान केंद्रों (Booths) पर हार्ड कॉपी के रूप में चस्पा की जाएगी और आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगी।
दो श्रेणियों में होगी सूची
नई सूची में दो हिस्से होंगे: पहला, जिनमें नए नाम जोड़े गए हैं और दूसरा, जिनके नाम हटाए गए हैं। जिन लोगों के नाम कटे हैं, वे ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से 'अपीलीय न्यायाधिकरण' में अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
सुरक्षा और केंद्रीय बल
चुनाव आयोग बंगाल चुनाव को लेकर पूरी तरह सतर्क है। राज्य में निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए 31 मार्च तक केंद्रीय सुरक्षा बलों की 300 और कंपनियां बंगाल पहुंच जाएंगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार थानों का दौरा कर रहे हैं ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →