बटाला की लक्कड़ मंडी में भीषण आग! इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम जलकर राख; लाखों का नुकसान
बटाला (गुरदासपुर): गुरदासपुर के बटाला स्थित भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक बाजार 'लक्कड़ मंडी' में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तंग गली में स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स के गोदाम में अचानक भयानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया और बाजार में भगदड़ मच गई।
लाखों का सामान जलकर हुआ कोयला
गोदाम के मालिक के अनुसार, इस भीषण अग्निकांड में गोदाम के अंदर रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया है। मालिक ने बताया कि गोदाम काफी समय से बंद था, लेकिन अंदर स्टॉक भरा हुआ था। आग के कारण हुए इस भारी आर्थिक नुकसान ने कारोबारी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। गली तंग होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
जांच में जुटा प्रशासन
आग लगने के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट इसकी मुख्य वजह हो सकती है। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा है और पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →