Himachal Breaking: सील्ड रोड पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह की गाड़ी का चालान, कार में सवार थीं प्रतिभा सिंह; जानें पूरा मामला
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 02 जून 2026 : राजधानी शिमला में सील्ड रोड पर वाहनों की आवाजाही को लेकर चल रहे विवाद के बीच लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की सरकारी गाड़ी का भी चालान काटा गया। बताया जा रहा है कि मंत्री की गाड़ी प्रतिबंधित मार्ग से गुजर रही थी, जिस दौरान पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी वाहन में मौजूद थीं।
जानकारी के अनुसार शिल्ली चौक के पास पुलिस ने वाहन को रोका और नियमों के उल्लंघन पर 1500 रुपये का चालान किया। मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने भी इस कार्रवाई को लेकर पुलिस पर दबाव बनाया और नियमों का समान रूप से पालन कराने की मांग की।
गौरतलब है कि शिमला में कई सड़कें सील्ड रोड घोषित हैं, जहां वाहन चलाने के लिए विशेष अनुमति या निर्धारित श्रेणियों में शामिल होना आवश्यक है। इन्हीं नियमों को लेकर पिछले कुछ समय से अधिवक्ताओं और प्रशासन के बीच विवाद चल रहा है।
मंगलवार को इसी मुद्दे को लेकर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत की मांग उठाई। बड़ी संख्या में अधिवक्ता सचिवालय के बाहर एकत्रित हुए तथा कुछ समय के लिए चक्का जाम भी किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सील्ड रोड संबंधी नियमों के क्रियान्वयन में समानता नहीं बरती जा रही है।
मंत्री की गाड़ी का चालान होने के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि नियम हैं तो उनका पालन सभी पर समान रूप से होना चाहिए, चाहे वह आम नागरिक हो या कोई जनप्रतिनिधि।
एसडीएम ओशीन शर्मा पत्रकारों पर भड़कीं, वीडियो बनाने से रोका
हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह की गाड़ी का चालान काटा गया है। अधिवक्ताओं ने गाड़ी का चालान कटवाया, क्योंकि गाड़ी सील्ड रोड से जा रही थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान एसडीएम ओशीन शर्मा और डीआईजी रैंक के अधिकारी की गाड़ी का भी चालान काटा गया है। दरअसल, शिमला में कई सील्ड रोड हैं और यहां से गाड़ी को ले जाने के लिए परमिट लेना पड़ता है। इसी विरोध में शिमला में वकीलों ने प्रदर्शन किया। वकील मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत की मांग तक कर रहे थे और सचिवालय के बाहर एकजुट हुए और चक्का जाम कर दिया। वहीं, वकीलों को मनाने पहुंची एसडीएम ओशीन शर्मा पत्रकारों पर भड़क गई और वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई।
सीएम से बात करने के बाद अधिवक्ताओं ने खत्म किया धरना, जानें क्यों प्रदर्शन करने पर हुए मजबूर
प्रतिबंधित सड़कों पर पुलिस की सख्ती के विरोध में प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सचिवालय के बाहर एकत्रित सैकड़ों अधिवक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक मुख्यमंत्री स्वयं बाहर आकर उनसे बात नहीं करते, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। जिसके बाद सीएम से मुलाकात के बाद धरना प्रदर्शन खत्म हो गया है।
मंगलवार को ओक ओवर से सचिवालय तक रोष रैली निकालने के बाद अधिवक्ताओं ने सचिवालय परिसर के बाहर धरना-जैसी स्थिति बना दी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी समस्याएं लंबे समय से अनसुनी की जा रही हैं और अब वे मुख्यमंत्री से सीधे जवाब चाहते हैं। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →