Traffic Jam in Manali: मनाली में सुबह ही लग गया जाम; वशिष्ठ चौक पर एक घंटे तक फंसे रहे पर्यटक वाहन, यह रही वजह
शशिभूषण पुरोहित
मनाली, 08 जून 2026 :पर्यटन नगरी मनाली में सोमवार सुबह ही यातायात व्यवस्था चरमरा गई। शहर के व्यस्त वशिष्ठ चौक के पास एक ट्रक के सड़क किनारे बने गड्ढे में फंस जाने से करीब एक घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे सोलंग नाला की ओर से आ रहा एक ट्रक वशिष्ठ चौक के समीप अचानक सड़क किनारे बने गड्ढे में धंस गया। ट्रक का पिछला हिस्सा गड्ढे में फंसने के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा अवरुद्ध हो गया, जिससे दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
सुबह के समय सोलंगनाला, वशिष्ठ और ओल्ड मनाली क्षेत्र से बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन शहर की ओर आते हैं। ऐसे में ट्रक के फंसते ही कुछ ही मिनटों में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई पर्यटक वाहन वशिष्ठ चौक और आसपास के मार्गों पर जाम में फंस गए। पर्यटकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक को निकालने के लिए मशीनरी और अन्य संसाधनों की मदद ली गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वशिष्ठ चौक क्षेत्र में सड़क के किनारों पर बने गड्ढे और संकरी सड़कें अक्सर यातायात बाधित होने का कारण बनती हैं। पर्यटन सीजन के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ने से स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत और यातायात प्रबंधन को मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की अच्छी-खासी आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में छोटी-सी तकनीकी या सड़क संबंधी समस्या भी शहर की यातायात व्यवस्था पर बड़ा असर डाल रही है। सोमवार सुबह लगा यह जाम भी इसका ताजा उदाहरण रहा।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →