Himachal: वायरल वीडियो पड़े भारी: चलती गाड़ी की छत पर सफर करने वालों पर कुल्लू पुलिस की कार्रवाई, दो वाहनों के चालान
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू: 13 जून 2026: सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कुल्लू पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो अलग-अलग वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित जांच कर संबंधित वाहनों की पहचान की और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की।
पहले मामले में कुछ पर्यटक एक कार की छत और खिड़कियों पर बैठकर सफर करते हुए दिखाई दिए। वीडियो वायरल होने के बाद मनीकर्ण पुलिस ने जांच शुरू की और वाहन संख्या HR-24W-3461 की पहचान की। जांच में सड़क सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ 2,500 रुपये का ऑनलाइन चालान किया।
दूसरे मामले में रुडाऊ फोरलेन मार्ग पर एक व्यक्ति चलती गाड़ी की छत पर बैठकर यात्रा करता नजर आया। यह न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन था, बल्कि किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकता था। मामले की जांच के बाद भून्तर पुलिस ने संबंधित वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ भी 2,500 रुपये का ऑनलाइन चालान किया।
कुल्लू पुलिस ने कहा कि पर्यटन का आनंद लेते समय यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वाहन की छत, खिड़कियों या अन्य असुरक्षित स्थानों पर बैठकर यात्रा करना यात्रियों के जीवन को खतरे में डालने के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी जोखिम पैदा करता है।
पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने या रोमांच के लिए किए जाने वाले ऐसे खतरनाक स्टंट और लापरवाहीपूर्ण कृत्यों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →