Himachal: NDPS : नशा तस्करों पर पुलिस का प्रहार, एक दिन में 11 कुख्यात तस्कर एनडीपीएस के तहत किए Book
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 12 जून 2026 : हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राज्यभर में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित नशा तस्करी नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया। इस विशेष अभियान के दौरान पीट एनडीपीएस अधिनियम के तहत 11 कुख्यात और आदतन चिट्टा तस्करों को निरुद्ध किया गया।
पुलिस के अनुसार निरुद्ध किए गए तस्करों में बद्दी से एक, नूरपुर से तीन, कुल्लू से एक, शिमला से दो, सोलन से एक, कांगड़ा से एक, हमीरपुर से एक तथा बिलासपुर से एक तस्कर शामिल हैं। यह कार्रवाई प्रदेशभर में समन्वित तरीके से चलाए गए विशेष अभियान का हिस्स थी।
इस ताजा कार्रवाई के बाद प्रदेश में पीट एनडीपीएस अधिनियम के तहत निरुद्ध किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 187 हो गई है। पुलिस ने इसे नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क के खिलाफ अपनाई गई आक्रामक रणनीति, मजबूत खुफिया तंत्र और शून्य-सहिष्णुता नीति का परिणाम बताया है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों, आपूर्तिकर्ताओं और संगठित गिरोहों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। डीजीपी अशोक तिवारी का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना, समाज को सुरक्षित बनाना और नशामुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करना भी है। इसके लिए युवाओं, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →