Himachal: तंबाकू मुक्त प्रमाणपत्र 20 तक जमा करें, शिक्षा विभाग ने प्रदेश भर के स्कूलों को दिया अंतिम मौका
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 13 जुलाई 2026 :
प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों को 20 जुलाई तक तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान का प्रमाणपत्र हर हाल में शिक्षा विभाग के पास जमा करवाना होगा। शिक्षा विभाग ने इसे अंतिम समय सीमा बताते हुए स्पष्ट किया है कि इसके बाद किसी भी स्कूल को अतिरिक्त मोहलत नहीं दी जाएगी।
निर्धारित अवधि में प्रमाणपत्र जमा नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग के अनुसार इससे पहले प्रमाणपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 मई तय की गई थी, जिसे स्कूलों की मांग पर बढ़ाकर 14 जून किया गया। इसके बावजूद अधिकांश शिक्षण संस्थान निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके। ऐसे में अब विभाग ने अंतिम अवसर देते हुए सभी स्कूलों को 20 जुलाई तक प्रमाणपत्र जमा करने के निर्देश जारी किए हैं। शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन स्कूलों ने स्वास्थ्य विभाग से निरीक्षण के लिए आवेदन कर रखा है और अभी निरीक्षण दल का इंतजार कर रहे हैं, वे आवेदन की रसीद अथवा स्वास्थ्य विभाग के साथ हुए पत्राचार के दस्तावेज संबंधित जिला शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करवाएं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निरीक्षण पूरा होने के बाद ही तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान का प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।
जिला शिमला में अब तक 190 स्कूल यह प्रमाणपत्र जिला शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में जमा करवा चुके हैं। जिला शिक्षा उपनिदेशक लेखराज भारद्वाज ने शेष स्कूलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रमाणपत्र अथवा निरीक्षण संबंधी दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि उनके खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई की नौबत न आए। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →