बिहार दिवस के मौके पर बीजेपी चंडीगढ़ द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन, हजारों लोग हुए शामिल
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 22 मार्च: बिहार दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और बिहार के एमएलसी डॉ. प्रमोद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित हुए, जो बिहार दिवस की धूमधाम में शामिल होने के लिए आए थे। कार्यक्रम की सफलता यह दर्शाती है कि बिहार की संस्कृति और परंपराओं के प्रति लोगों में गहरा प्रेम और सम्मान है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने अपने संबोधन में कहा, “बिहार केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता और संस्कृति की आत्मा है। इसकी विरासत और परंपराएं पूरे देश को प्रेरणा देती हैं। भारतीय जनता पार्टी बिहार के विकास और प्रगति के लिए सदैव तत्पर रही है। बिहार की जनता मेहनती और आत्मनिर्भर है, जिन्होंने हर क्षेत्र में अपना परचम लहराया है।”
मुख्य अतिथि कपिल मिश्रा ने बिहार के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए कहा, “बिहार ने चाणक्य, आर्यभट्ट और गुरु गोविंद सिंह जैसे महान व्यक्तित्वों को जन्म दिया है, जिनका योगदान अविस्मरणीय है। यह राज्य हमेशा पूरे देश को मार्गदर्शन देता रहा है और आगे भी इसकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।”
बिहार के एमएलसी डॉ. प्रमोद कुमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “बिहार शिक्षा, संस्कृति और नेतृत्व का केंद्र रहा है। यहाँ के लोगों ने पूरे देश में अपनी योग्यता और परिश्रम से पहचान बनाई है।”
कार्यक्रम के संयोजक शशि शंकर तिवारी के साथ रूबी गुप्ता और अभय झा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा, बिहार से भी कई गणमान्य लोग इस भव्य आयोजन में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान बिहार की संस्कृति, संगीत और लोक परंपराओं को दर्शाने वाली प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे समां पूरी तरह बिहारमय हो गया। इस अवसर पर पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बिहार से जुड़े गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के नेतृत्व को धन्यवाद दिया गया और सभी ने इस पहल की सराहना की।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →