AAP विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस ने जालंधर कार्यालय में किया पेश
पंजाब सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक रमन अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस विभाग की टीम सुबह से ही विधायक के आवास पर दबिश दे रही थी। छापेमारी के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया और अब गिरफ्तारी के बाद रमन अरोड़ा को विजिलेंस ने जालंधर स्थित कार्यालय में पेश किया है।
नगर निगम घोटाले में उलझे विधायक
सूत्रों के मुताबिक, रमन अरोड़ा पर आरोप है कि उन्होंने जालंधर नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर आम लोगों को झूठे मामलों में फंसाया और फिर पैसों के बदले उन पर लगे नोटिस रद्द करवाए। इन शिकायतों के आधार पर विजिलेंस ने कार्रवाई करते हुए विधायक के खिलाफ केस दर्ज किया।
आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ीं
इस मामले ने आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका दिया है, क्योंकि पार्टी के ही विधायक भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में घिरे हैं। हालांकि, पार्टी ने साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में कोई समझौता नहीं किया जाएगा, चाहे आरोपी कोई भी हो।
सुरक्षा वापस लेने के बाद दिए थे अरोड़ा ने बयान
कुछ दिन पहले ही पंजाब सरकार ने विधायक अरोड़ा की सुरक्षा वापस ले ली थी। इसके बाद उन्होंने बयान देते हुए कहा था, "मैं आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता हूं, अगर सरकार को लगता है कि मेरी सुरक्षा की जरूरत नहीं है, तो मैं सरकार के फैसले का सम्मान करता हूं।"
मान सरकार की नीति साफ: भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
इस पूरे घटनाक्रम से एक बात साफ हो गई है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी। चाहे वह आम अधिकारी हो या फिर खुद पार्टी का विधायक—किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
MA
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →