Himachal Accident News : सोलन में बड़ा सड़क हादसा; कालका-शिमला NH-5 पर चार वाहन आपस में टकराए, वाहनों को भारी नुकसान
बाबूशाही ब्यूरो
सोलन, 28 मार्च 2026 : कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। राधा स्वामी सत्संग ब्यास के समीप चार वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा और मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक ब्रेक लगने और तेज रफ्तार के कारण पीछे आ रहे वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। हालांकि दुर्घटना का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात को बहाल करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
NH-5 पर बढ़ रहे हादसे चिंता का कारण
कालका-शिमला एनएच-5 पर लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने सफर को जोखिम भरा बना दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि तेज रफ्तार से बचें और आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →