अस्पताल में Rajvir Jawanda का आज 10वां दिन, 2 दिन से नहीं आया कोई Health Update
Babushahi Bureau
मोहाली/चंडीगढ़, 6 अक्टूबर, 2025 : पंजाबी संगीत जगत के लोकप्रिय गायक राजवीर जवंदा पिछले 10 दिनों से जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। 27 सितंबर को एक भीषण सड़क हादसे का शिकार होने के बाद से वह मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन उनकी हालत में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिला है। वह लगातार लाइफ सपोर्ट सिस्टम (वेंटिलेटर) पर हैं और उनके प्रशंसक व परिवार वाले उनकी सलामती के लिए लगातार दुआएं कर रहे हैं।
अस्पताल ने 3 अक्टूबर के बाद से कोई नया मेडिकल बुलेटिन (Medical Bulletin) जारी नहीं किया है। आखिरी बुलेटिन में बताया गया था कि राजवीर के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें हैं, जिसके कारण उनके शरीर के अंग ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
परिवार और फैंस कर रहे अरदास, हरभजन मान भी पहुंचे
राजवीर जवंदा के जल्द स्वस्थ होने के लिए दुआओं और अरदासों का दौर जारी है। बीते दिन, उनकी सलामती के लिए मोहाली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री अंब साहिब में रखे गए श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला गया। यह पाठ राजवीर की मां और साथी कलाकारों द्वारा करवाया गया था, जिसमें पंजाब के दिग्गज गायक हरभजन मान भी विशेष रूप से शामिल हुए और परिवार को ढांढस बंधाया।
अस्पताल ने क्यों बंद किया मेडिकल बुलेटिन?
फोर्टिस अस्पताल 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक रोजाना राजवीर जवंदा का मेडिकल बुलेटिन जारी कर रहा था। लेकिन 3 अक्टूबर के बाद इसे बंद कर दिया गया। अस्पताल प्रबंधन ने बताया था कि गायक की हालत पहले की तरह ही स्थिर और नाजुक बनी हुई है और कोई नई अपडेट नहीं है, इसलिए बुलेटिन जारी करना बंद किया जा रहा है। इस खबर के बाद से प्रशंसकों की चिंता और बढ़ गई है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →