Manali: Fresh Snowfall: हिमाचल में ‘सफेद आफत’: अटल टनल से धुंधी तक फंसे सैकड़ों वाहन, पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान
बाबूशाही ब्यूरो
मनाली, 04 अप्रैल 2026 :
हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद अटल टनल के साउथ पोर्टल से सोलंगनाला तक सड़कें बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं, जिससे सैकड़ों वाहन रास्ते में फंस गए। सड़क पर बर्फ की परत जमने के कारण सुबह लाहौल की ओर गए कई वाहन वापस लौटते समय फिसलने लगे और देर शाम हालात और बिगड़ गए।
स्थिति गंभीर होते देख मनाली पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा स्वयं टीम के साथ मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और फंसे वाहनों को सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है।
साधारण वाहनों के लिए बंद की गई अटल टनल
बर्फबारी और सड़क पर फिसलन बढ़ने के कारण प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अटल टनल को साधारण वाहनों के लिए बंद कर दिया था। बावजूद इसके सुबह सिस्सू और कोकसर की ओर गए पर्यटक शाम को लौटने लगे। इसी दौरान बर्फबारी तेज हो गई और वाहन स्किड होने लगे।
स्थिति यह हो गई कि अटल टनल के भीतर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई। टनल से हॉकी पुल तक जाम जैसे हालात बन गए हैं।
पर्यटक वाहनों को सुरक्षित मनाली भेजा जा रहा
अटल टनल के साउथ पोर्टल से धुंधी तक भारी बर्फबारी के कारण सैर-सपाटे के लिए पहुंचे पर्यटकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की टीम कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को सुरक्षित निकालकर मनाली की ओर भेज रही है।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि जैसे ही साउथ पोर्टल से धुंधी की ओर पर्यटक वाहन बढ़ने लगे, बर्फ के कारण कई वाहन स्किड हो गए, जिससे जाम की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस लगातार रेस्क्यू अभियान चलाकर पर्यटक वाहनों को सुरक्षित निकाल रही है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →