मार्च में ही मई जैसी तपिश: पंजाब-चंडीगढ़ में पारा सामान्य से 6 डिग्री ऊपर
चंडीगढ़, 10 march 2026 : उत्तर भारत में मौसम के मिजाज ने सबको हैरान कर दिया है। पंजाब और चंडीगढ़ में मार्च की शुरुआत में ही अप्रैल-मई जैसी भीषण गर्मी का एहसास होने लगा है। आज 10 मार्च को भी आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.3 से 6.4 डिग्री अधिक चल रहा है।
पटियाला रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में गर्मी के तेवर और कड़े हुए हैं। राज्य के 11 शहरों में तापमान 31 डिग्री के पार पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान पटियाला में 33.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि राजधानी चंडीगढ़ में पारा 33.2 डिग्री रहा। अमृतसर, लुधियाना और मोहाली जैसे प्रमुख शहरों में भी तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हुआ है, जो करीब 5.8 किमी की ऊंचाई पर मौजूद है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के ऊपर 155 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली 'सब-ट्रॉपिकल वेस्टर्न जेट स्ट्रीम' भी बह रही है।
अगले 6 दिनों का पूर्वानुमान
फिलहाल अगले 6 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 15 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से राहत मिल सकती है। अगले तीन दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, जिसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →