Himachal: Sarkaghat Murder Case Accused Arrested : छात्रा हत्या मामले का आरोपी गिरफ्तार, हिमाचल के मंडी जिले की घटना, बीच सड़क पर गला काटकर उतारा मौत के घाट
बाबूशाही ब्यूरो
मंडी, 13 अप्रैल 2026 : सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर में सोमवार सुबह कॉलेज जा रही एक 19 वर्षीय युवती की गला काटकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मृतक छात्रा की पहचान 19 वर्षीय सिया गुलेरिया गांव नैण, गोपालपुर, सरकाघाट के रूप में हुई है। सिया गुलेरिया छात्र राजनीति में भी सक्रिय थी।
घटना की सूचना मिलते ही सरकाघाट पुलिस थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। युवती की हत्या क्यों की गई, इस बात का पता आरोपी से चलेगा। पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया है। आरोपी युवक फतेहपुर पंचायत के थाना गांव में ग्रामीणों ने पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। एसपी विनोद कुमार, एएसपी अभिमन्यु वर्मा, डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार गौतम मौके पर हैं। बताया जा रहा है आरोपित वारदात के बाद गेहूं के खेतों में जाकर छिप गया था, जिसे ग्रामीणों ने देख लिया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और घेरा डालकर युवक को पकड़ लिया, इतने में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
घटना से पूरे इलाके में दहशत
पुलिस जानकारी के अनुसार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने टीमें भेज दी हैं। आस पास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
आरोपियों की धरपकड़ के बजाय पुलिस स्थानीय लोगों और परिजनों को मौके पर रोकती रही- जयराम ठाकुर
घटना पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकाघाट में बिटिया के साथ जो हुआ वह सोचकर ही मन विचलित हो रहा है। दिन दहाड़े इस तरह की घटना की देवभूमि में कल्पना भी नहीं की जा सकती। इस घटना न केवल पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है, बल्कि हर उस परिवार को डरा दिया है जिनकी बेटियां शिक्षा के लिए घर से बाहर निकलती हैं। जिस प्रदेश को हम सुरक्षित मानते थे, वहां अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए? हैरानी की बात यह है कि आरोपियों की धरपकड़ के बजाय पुलिस स्थानीय लोगों और परिजनों को मौके पर रोकती रही। सरकार मूकदर्शन बनी हुई है। कानून व्यवस्था का बुरा हाल है।इस घटना में शामिल लोगों के उनके इस जघन्य अपराध की ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो भविष्य में उदाहरण बने। ईश्वर से प्रार्थना है कि बिटिया की आत्मा को शांति दें और परिजनों को यह असह्य दुःख सहन करने की शक्ति दें।
सरकाघाट के स्थानीय कांग्रेस नेता यदोपति ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अभी अभी मेरे को एक दुखद समाचार प्राप्त हुआ कि हमारे सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की गोपालपुर पंचायत के लगते गांव नैण से संबंधित एक 19 वर्षीय छात्रा का कुछ अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। मैंने पुलिस विभाग सरकाघाट के पदाधिकारियों से बात करके कहा है कि इस मामले से जुड़े हुए आरोपियों की जल्द पहचान करके उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही अम्ल में लाई जाए।
गोपालपुर हत्याकांड पर भड़की वंदना गुलेरिया
सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर में 19 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना को लेकर पूर्व जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया ने पत्रकार वार्ता में प्रदेश सरकार, प्रशासन और कानून व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। वंदना गुलेरिया ने कहा कि जिस हिमाचल को देवभूमि कहा जाता है, आज उस शब्द को बोलने में भी जुबान लड़खड़ा रही है।
उन्होंने कहा कि एक मासूम बेटी का गला रेतकर की गई हत्या सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम, पुलिस और सत्ता के मुंह पर करारा तमाचा है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, हमारी बेटियों की जान इतनी सस्ती कब से हो गई कि कोई भी दरिंदा खुलेआम आकर एक जिंदगी को बेरहमी से खत्म कर दे? कानून का खौफ आखिर कहां है और बेटियों को सुरक्षित माहौल देने के वादे कहां गए? गुलेरिया ने समाज के नाम सख्त संदेश देते हुए कहा कि जो लोग इंसान की शक्ल में भेड़िए बनकर घूम रहे हैं, यह उनकी मर्दानगी नहीं बल्कि कायरता है। अब बहुत हो चुका है। हम केवल गिरफ्तारी से संतुष्ट नहीं होंगे, बल्कि ऐसी सजा की मांग करते हैं जो पूरे प्रदेश में नजीर बने।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी ऐसी घटना को अंजाम देने से पहले हजार बार सोचे। हमें इंसाफ चाहिए और वह भी तुरंत। यदि कानून बेटियों को सुरक्षा देने में असमर्थ है, तो उसे अपनी विफलता स्वीकार करनी चाहिए। वंदना गुलेरिया ने यह भी कहा कि प्रशासन को यह स्पष्ट करना होगा कि सुरक्षा में चूक कहां हुई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आज इस बेटी के साथ यह हुआ है, कल किसी और की बारी हो सकती है। अगर आज भी हम खामोश रहे, तो हम भी इस अपराध के बराबर के जिम्मेदार होंगे। अंत में उन्होंने प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को ऐसी सजा दी जाए, जिससे भविष्य में देवभूमि में किसी भी बेटी के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो सके। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →