Himachal Weather Update : शिमला, धर्मशाला सहित प्रदेश के कई भागों में झमाझम बारिश, राज्य में इतने दिन बरसेंगे बादल
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 13 जून 2026 : हिमाचल प्रदेश में माैसम लगातार खराब बना हुआ है। प्रदेश की राजधानी शिमला सहित धर्मशाला व अन्य भागों में बारिश दर्ज की गई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत और अफगानिस्तान के बीच आज वनडे मैच होना है, लेकिन बारिश ने खलल डाल दिया है।
सुबह से लगातार जारी बारिश के चलते तय समय पर टॉस नहीं हो पाया। बारिश को देखते हुए मैदान प्रबंधन ने पिच और मैदान के संवेदनशील हिस्सों को कवर से ढक दिया है ताकि विकेट को सुरक्षित रखा जा सके। उधर, राजधानी शिमला में दोहपर से बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
अधिकतम तापमान में भारी गिरावट
पिछले 24 घंटों के दौरान ज्यादातर स्टेशनों पर अधिकतम तापमान में 4-11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। ज्यादातर स्टेशनों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 3-10 डिग्री काफी कम रहा। वहीं बीते 24 घंटों के दाैरान गुलेर में 66.8, रायपुर मैदान 47.4, सोलन 43, नगरोटा सूरियां 42.5, घमरूर 31.2, धर्मशाला 23.1, कांगड़ा 19.1, कोटखाई 13.4, नेरी 11.5 व मैहरे बड़सर में 10.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इतने दिन बरसेंगे बादल
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 13 जून को राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 14, 15, 16, 17, 18 और 19 जून को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आज कई स्थानों पर अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया। उधर, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद, अगले 4-5 दिनों में कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 14.2, सुंदरनगर 19.4, भुंतर 17.2, कल्पा 7.4, धर्मशाला 16.7, ऊना 19.4, नाहन 17.7, केलांग 6.3, पालमपुर 16.0, सोलन 14.5, मनाली 14.7, कांगड़ा 18.4, मंडी 20.2, बिलासपुर 22.0, चंबा 19.0, डलहाैजी 14.8, जुब्बड़हट्टी 16.0, कुफरी 10.8, कुकुमसेरी 6.5, भरमाैर 8.0, सेऊबाग 12.5, बरठीं 20.0, पांवटा साहिब 24.0, सराहन 15.3, देहरागोपीपुर 22.3 व ताबो में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →