Himachal Police Busted Drug Racket : अंतर्राज्यीय नशा तस्करी पर STF का बड़ा एक्शन, 77.45 ग्राम चिट्टे सहित पंजाब के 4 युवक गिरफ्तार
बाबूशाही ब्यूरो
ऊना : 13 जुलाई 2026 :
हिमाचल प्रदेश में अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नैटवर्क के खिलाफ स्पैशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नॉर्दर्न रेंज कांगड़ा और अम्ब पुलिस ने एक बड़े ऑप्रेशन को अंजाम दिया है। ऊना जिले के मुबारिकपुर में 60.45 ग्राम हैरोइन के साथ 2 युवकों को पकड़ने के बाद पुलिस टीम ने मामले के बैकवर्ड लिंक खंगाले और रातों रात पंजाब के तलवाड़ा में दबिश देकर मुख्य सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में पंजाब के 4 तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मुबारिकपुर क्षेत्र में पंजाब के होशियारपुर जिले के मुनीश कुमार (19) निवासी तलवाड़ा और करण (20) निवासी दोसड़का को 60.45 ग्राम हैरोइन के साथ काबू किया। एसटीएफ ने तुरंत आरोपियों को थाना अम्ब पुलिस के हवाले कर दिया, जहां उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसटीएफ और अम्ब पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तस्करों के बैकवर्ड लिंक खंगाले और देर रात पंजाब के तलवाड़ा में दबिश देकर मोहित (20) और रजनीश (20) दोनों निवासी तलवाड़ा, जिला होशियारपुर को 17 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि इन्हीं दोनों ने मुबारिकपुर में पकड़े गए युवकों को नशे की यह खेप उपलब्ध करवाई थी। इनके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →