Himachal : HRTC : कुल्लू-काइस-कोटधार रूट पर 52 सीटर बस हटाने से ग्रामीणों और छात्रों में रोष, उग्र आंदोलन की चेतावनी
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू : 01 सितंबर 2026 : कुल्लू-काइस-कोटधार बस रूट पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) द्वारा बार-बार बड़ी बस हटाकर छोटी (37 सीटर) बस लगाने से क्षेत्र के लगभग 10-12 गांवों के लोगों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपा है और समाधान न होने पर जनआंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर चौड़ा कराया था रास्ता
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में समरवा वैली ब्रिज के पास सड़क तंग होने के कारण 52 सीटर बस को क्रॉस करने में दिक्कत आती थी। इस बाधा को दूर करने के लिए ग्रामीणों ने निजी भूमि मालिकों से सहमति ली और आपस में धनराशि एकत्र करके सड़क को चौड़ा करवाया ताकि बड़ी बस आसानी से चल सके।
15-20 दिन बाद ही बदल दी गई बस
सड़क चौड़ी होने के बाद निगम ने करीब 15 से 20 दिनों तक 52 सीटर बस सेवा सुचारू रूप से चलाई, जिससे विद्यार्थियों व ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली थी। लेकिन इसके बाद अचानक 52 सीटर बस को हटाकर पुनः 37 सीटर बस लगा दी गई। इससे दर्जनों गांवों के सैकड़ों यात्रियों और विद्यार्थियों को रोजाना बस में खड़े-खड़े सफर करना पड़ रहा है।
विद्यार्थियों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
क्षमता से कम सीटें होने के कारण छात्र-छात्राओं को समय पर स्कूल-कॉलेज पहुंचने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, ग्रामीणों द्वारा दो बसें चलाने की मांग पर विभाग द्वारा घाटे का हवाला दिया जा रहा है, जबकि लोग केवल एक 52 सीटर बस को नियमित चलाने की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी जायज मांग को नजरअंदाज किया गया और 52 सीटर बस का नियमित संचालन शुरू नहीं हुआ, तो वे बड़े जनआंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी HRTC विभाग की होगी। हालांकि इस बार आर एम HRTC कुल्लू ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को ध्यान में रखा जाएगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →