हवा में लटका कालका-शिमला रेलवे ट्रैक, पुलिया बहने से थमी टॉय ट्रेन की रफ्तार; 10 ट्रेनें रद्द
बाबूशाही ब्यूरो
सोलन: 30 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाया है। गुम्मन और टकसाल रेलवे स्टेशन के बीच तेज बारिश के कारण एक पुलिया बह जाने से रेलवे ट्रैक हवा में लटक गया। इसके चलते कालका-शिमला रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
बारिश से हुए इस नुकसान के बाद रेलवे ने रविवार को कालका से शिमला और शिमला से कालका के बीच चलने वाली कुल 10 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर ट्रैक को बहाल करने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रैक की मरम्मत में दो से तीन दिन लगने की संभावना जताई जा रही है।
तेज बहाव में बह गई ब्रिज नंबर-57 की पुलिया
जानकारी के अनुसार शनिवार को परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद नालों और पुलियों में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। देर रात तेज बहाव के कारण ब्रिज नंबर-57 की पुलिया बह गई, जबकि उसके ऊपर बना रेलवे ट्रैक हवा में लटक गया।
इससे पहले शनिवार को ही कोटी से टकसाल के बीच रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन और पानी भरने के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ था। देर रात डाउन दिशा में जा रही चार ट्रेनों को भी रद्द किया गया था। बाद में रेलवे की टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो ट्रैक को असुरक्षित पाया गया।
आज ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
कालका से शिमला जाने वाली ट्रेनें:
- कालका-शिमला एक्सप्रेस — 52451
- कालका-शिमला हिमदर्शन — 52459
- हिमालयन क्वीन — 52455
- कालका-शिमला एक्सप्रेस — 52453
- कालका-शिमला एक्सप्रेस — 52459
शिमला से कालका जाने वाली ट्रेनें:
- शिमला-कालका एक्सप्रेस — 52452
- शिमला-कालका हिमदर्शन — 52460
- हिमालयन क्वीन — 52456
- शिमला-कालका एक्सप्रेस — 52454
- शिमला-कालका एक्सप्रेस — 52458
यात्रियों को दी गई सूचना
रेलवे बोर्ड, अंबाला के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि गुम्मन-टकसाल रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रैक क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके चलते पांच अप और पांच डाउन ट्रेनों को रद्द किया गया है। यात्रियों को इसकी सूचना दे दी गई है। रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रैक को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →