आसमानी आफत! भारी बारिश ने मचाई तबाही; 14 बच्चों समेत 17 की मौत
इस्लामाबाद/पेशावर: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर मौत का तांडव मचाया है। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भीषण बारिश और मकानों की छतें गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 14 मासूम बच्चों समेत कम से कम 17 लोगों की जान चली गई है। प्रोविंशियल डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (PDMA) के मुताबिक, मलबे में दबने और अन्य हादसों में 56 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बन्नू जिले में सबसे ज्यादा मातम
कुदरत का सबसे क्रूर चेहरा बन्नू जिले में देखने को मिला, जहाँ छत गिरने की घटनाओं में सात बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। दाद कचलोट इलाके में एक घर की छत गिरने से तीन मासूम भाई-बहनों (आसिफ, उमराह और जावेरिया) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कोटका गुलाम कादिर में एक कम्युनिटी सेंटर के बरामदे की छत गिरने से दो लोगों की जान चली गई और 39 लोग घायल हो गए।
मलबे के ढेर में तब्दील हुए घर:
-
एबटाबाद: हवेलियां तहसील में एक कमरे की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों (जिनमें चार बच्चे शामिल थे) की मौत हो गई।
-
कोहाट: यहाँ भी बारिश के दौरान छत गिरने से दो बच्चों ने दम तोड़ दिया।
-
अन्य इलाके: उत्तरी वज़ीरिस्तान और बट्टाग्राम में भी मौत की खबरें सामने आई हैं। बारिश के कारण अब तक करीब 11 घर पूरी तरह या आंशिक रूप से नष्ट हो चुके हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन और राहत कार्य
हादसे के बाद 'रेस्क्यू 1122' की टीमें मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटी हुई हैं। लक्की मरवात और नौशेरा में कई लोगों को मलबे से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुँचाया गया है। प्रशासन ने प्रभावित जिलों में आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी है और स्थानीय अधिकारियों को जल्द से जल्द राहत सामग्री बांटने के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल PDMA की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि कई इलाकों में अभी भी खतरा टला नहीं है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →